कांग्रेस के वरिष्ठ राजनेता श्री अशोक गहलोत राजस्थान के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं। 3 मई, 1951 को राजस्थान के जोधपुर शहर में इनका जन्म हुआ। विज्ञान और कानून में स्नातक डिग्री प्राप्त कर इन्होंने अर्थशास्त्र विषय में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की।
श्री अशोक गहलोत 1998 से 2003 और 2008 से 2013 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहे हैं। राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में यह उनका तीसरा कार्यकाल है। 2018 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद श्री गहलोत तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। राजस्थान विधान सभा के सदस्य के रूप में वे जोधपुर के सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। श्री गहलोत ने गुजरात कांग्रेस के प्रभारी महासचिव के रूप में राष्ट्रीय राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाई। श्री अशोक गहलोत 1970 के दशक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए। वे 1982 से 1984 की अवधि में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इन्दिरा गांधी जी के मंत्रीमण्डल में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन उपमंत्री रहे। 1984 में ही श्री गहलोत खेल उपमंत्री भी बनें। इसके बाद वे 21 जून, 1991 से 18 जनवरी, 1993 तक केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री रहे। यह मंत्रालय पूर्व में प्रधानमंत्री के पास था तथा श्री गहलोत को इसका स्वतंत्र प्रभार दिया गया था।
अपनी गांधीवादी विचारधारा और विनम्र जीवन शैली के लिए पहचाने जाने वाले श्री गहलोत प्रभावशाली व्यक्ति हैं जो राजस्थान के निवासियों के बीच बहुत प्रसिद्ध हैं। उन्होंने सहजता से समाज के उत्थान में योगदान दिया है और राज्य के विभिन्न जाति समूहों को एकसूत्र में पिरोने का काम किया है।