श्रीमती सोनिया गांधी जी का जन्म 9 दिसंबर, 1946 को हुआ था। अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद उन्होंने विदेशी भाषा के स्कूल में पढ़ाई की, जहां उन्होंने अंग्रेजी, फ्रेंच और रूसी भाषा का अध्ययन किया। उनकी शादी 1968 में नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी के पुत्र राजीव गांधी जी से हुई थी। इनके एक पुत्र श्री राहुल गांधी और एक पुत्री श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा हैं।
वर्तमान समय में श्रीमती सोनिया गांधी यूपीए अध्यक्ष एवं रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं। श्रीमती सोनिया गांधी ने 1997 में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ली। अप्रैल 1998 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष बनीं। श्रीमती गांधी को पहली बार 1999 में अमेठी संसदीय क्षेत्र से संसद सदस्य के रूप में चुना गया था, जिसके बाद वह लोकसभा में विपक्ष की नेता बनीं। 2004 के आम चुनावों में उन्होंने अपनी पार्टी के चुनावी अभियान का नेतृत्व किया और सबसे अधिक सीटें हासिल कर कांग्रेस पार्टी को गठबंधन सरकार (यूपीए) बनाने में सक्षम बनाया।
श्रीमती सोनिया गांधी को कई प्रकाशनों द्वारा दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिलाओं में नामित किया गया है। श्रीमती गांधी विशेष रूप से गरीब-वंचितों के सशक्तिकरण, महिलाओं और बच्चों के कल्याण व पर्यावरण से संबंधित मुद्दों में रुचि रखती हैं।